AAP को बड़ा झटका, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 16 पार्षद भाजपा में शामिल
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 16 पार्षद शुक्रवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। यह राजनीतिक घटनाक्रम दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति में रिक्त पदों के लिए इस महीने के अंत में होने वाले चुनावों से पहले हुआ है।
भाजपा ने किया स्वागत
भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, दिल्ली सरकार और नगर निगम द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों से प्रेरित होकर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 16 पार्षद भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी ने कहा कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभी नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई और पार्टी परिवार में उनका स्वागत किया। साथ ही विश्वास जताया कि नए सदस्य संगठन और जनसेवा को और मजबूत करेंगे।
संस्थापक मुकेश गोयल भी हुए शामिल
भाजपा में शामिल होने वाले 16 पार्षदों में इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संस्थापक मुकेश गोयल भी शामिल हैं। पिछले वर्ष 18 मई को एमसीडी के 15 पार्षदों ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देकर नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की थी। हिमानी जैन और मुकेश गोयल के नेतृत्व में इन पार्षदों ने AAP में आंतरिक कलह का आरोप लगाते हुए "इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी" का गठन किया था।
दिल्ली के विकास का दिया था हवाला
उस समय हिमानी जैन ने कहा था, "हमने नई पार्टी इसलिए बनाई क्योंकि हमारी विचारधारा दिल्ली के विकास के लिए काम करना है। हम उसी पार्टी का समर्थन करेंगे, जो दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी।" वहीं, मुकेश गोयल ने आम आदमी पार्टी के भीतर "आंतरिक कलह" को नई पार्टी बनाने का प्रमुख कारण बताया था।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: आंगनवाड़ी और मिड-डे मील कर्मियों का 'काला दिवस' प्रदर्शन, बेहतर वेतन और NEP वापस लेने की मांग