बिहार के औरंगाबाद जिले में सोन नदी में नहाने गए एक

औरंगाबाद में सोन नदी में नहाने के दौरान डूबा 16 वर्षीय किशोर, 24 घंटे के बाद बरामद हुआ शव

पुलिस थाने पर पहुंचे लोग

औरंगाबाद (बिहार)। जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र के महुआंव गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब सोन नदी में नहाने गया 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद NDRF की टीम ने किशोर का शव बरामद किया। मृतक की पहचान गांव निवासी फिरोज मियां के इकलौते पुत्र मो. जावेद आलम (16 वर्ष) के रूप में हुई है। इकलौते बेटे की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

गहरे पानी में जाने से डूबा

मृतक के चाचा मो. सलीम ने बताया कि जावेद गुरुवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गया था। नदी में पानी का बहाव तेज था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोस्तों ने भागकर गांव में लोगों को और परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन नदी किनारे पहुंचे और अपने स्तर से जावेद की तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।

प्रशासन ने NDRF की टीम को बुलाया

इसके बाद बड़ेम थाना और नगर थाना की पुलिस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने NDRF की टीम को बुलाया। खराब रोशनी और तेज बहाव के कारण गुरुवार को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे NDRF की टीम ने फिर से सर्च शुरू किया और घटनास्थल से कुछ दूरी पर जावेद का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल औरंगाबाद में पोस्टमार्टम कराया। नगर थाने की पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

आपदा राहत कोष नुग्रह अनुदान राशि देने की मांग

पूर्व विधायक डब्लू सिंह और परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आपदा राहत कोष के तहत मिलने वाली 4 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजा तो मिल जाता है लेकिन प्रक्रिया में महीनों लग जाते हैं, जिससे गरीब परिवार को और परेशानी होती है। प्रशासन को चाहिए कि इस मामले में तेजी दिखाए।

यह भी पढ़ेंः मथुरा में लापता पति की तलाश में 4 दिन से थाने के चक्कर काट रही पत्नी, अपहरण और मारपीट का आरोप