बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के भवानी वार्ड में गुरुवा

मोबाइल चार्जर लगाते समय 16 वर्षीय छात्रा को लगा करंट, मौत

16-Year-Old Girl Dies of Electric Shock While Plugging in Charger

बैतूल {मध्य प्रदेश}: बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के भवानी वार्ड में गुरुवार सुबह मोबाइल चार्जर बिजली के बोर्ड में लगाते समय 16 वर्षीय छात्रा को जोरदार करंट लग गया। हादसे के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

चार्जर लगाते समय लगा करंट

जानकारी के अनुसार वेदिका पिता संजय गायकवाड, उम्र 16 वर्ष, निवासी भवानी वार्ड, कक्षा 10वीं की छात्रा थी। गुरुवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच वह घर में मोबाइल का चार्जर बिजली के बोर्ड में लगा रही थी। इसी दौरान अचानक उसे करंट लग गया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने वेदिका को तत्काल इलाज के लिए बैतूल के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

निजी अस्पताल से जिला अस्पताल ले जाने की सलाह

निजी अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने छात्रा को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन एंबुलेंस की मदद से वेदिका को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार वेदिका तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता संजय गायकवाड मजदूरी का काम करते हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश: पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश के पैर में लगी गोली