सुपौल में कटायर धार से 16 वर्षीय अज्ञात लड़की का शव बरामद, इलाके में सनसनी
सुपौल (बिहार)। भपटियाही थाना क्षेत्र के छिटही हनुमाननगर पंचायत अंतर्गत कटायर धार में रविवार की दोपहर करीब 16 वर्षीय अज्ञात लड़की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। धार के किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बावजूद देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी भपटियाही थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को धार से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि लड़की का शव किसी दूसरे स्थान से पानी के बहाव के साथ कटायर धार तक पहुंचा होगा।
पहचान के लिए पुलिस जुटा रही जानकारी
हालांकि, लड़की की मौत कैसे हुई और शव यहां तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी वास्तविक जानकारी जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। आसपास के थानों एवं क्षेत्रों से भी लापता लड़कियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी शव की पहचान में सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
इधर, कटायर धार के किनारे अज्ञात लड़की का शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों में लड़की की पहचान और उसकी मौत को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पुलिस को मामले की गहन जांच कर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाना चाहिए। पुलिस ने शव की पहचान के साथ-साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शव की पहचान के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों का जवाब मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें: बेगूसराय में इंस्टाग्राम पोस्ट की पुरानी रंजिश में पति-पत्नी पर फायरिंग, दोनों घायल