कटनी रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई क

कटनी रेलवे स्टेशन पर 163 नाबालिग बच्चों की तस्करी नाकाम, 8 आरोपी गिरफ्तार

163 Minor Children Rescued from Trafficking at Katni Railway Station

कटनी (एमपी)। कटनी रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने पटना-पुणे एक्सप्रेस से तस्करी कर ले जाए जा रहे 163 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। ये बच्चे बिहार के अररिया जिले से महाराष्ट्र के लातूर ले जाए जा रहे थे। बचाए गए बच्चों की उम्र 6 से 13 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

आठ तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में 8 संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें सद्दाम हुसैन और अमानुल्लाह शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 (तस्करी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचना मिली थी कि बड़ी संख्या में बच्चों को संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन के जरिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सुरक्षा बल अलर्ट हो गए। जैसे ही ट्रेन कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुँची, पुलिस ने कोचों की तलाशी ली। पकड़े गए व्यक्तियों के पास बच्चों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या यात्रा टिकट नहीं थे।

लातूर ले जाया जा रहा था

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इन बच्चों को लातूर में मजदूरी कराने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। सभी बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर उनकी काउंसलिंग की जा रही है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी के अनुसार, बच्चों के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। GRP और RPF की टीमें इस गिरोह के अन्य संपर्कों की तलाश में जुटी हैं। ऑपरेशन रविवार सुबह तक चला, जिसने मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/minor-girl-plots-to-poison-parents-with-lover/157015

प्रेमी संग मिलकर नाबालिग बेटी ने रची माता-पिता को जहर देने की साजिश