गौशाला में 17 गोवंश की संदिग्ध मौत, ग्रामीणों ने जताई गौ तस्करी की आशंका
मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के खंडोली ग्राम पंचायत स्थित गौशाला में 17 गोवंशों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने मामले में लापरवाही के साथ-साथ गौ तस्करी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भीषण गर्मी से दम घुटने की आशंका
जानकारी के अनुसार गौशाला में करीब 25 से 30 गायों को एक छोटे कमरे में बंद किया गया था। भीषण गर्मी और पर्याप्त हवा-पानी की व्यवस्था नहीं होने से दम घुटने जैसी स्थिति बन गई, जिसके चलते 17 गोवंशों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गौशाला परिसर से मृत गायों के शवों से धुआं निकलता देख ग्रामीणों को घटना की जानकारी लगी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
देर रात प्रशासन ने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने मृत गोवंशों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद रात में ही गड्ढा खुदवाकर शवों को दफना दिया। वहीं बीमार गायों को दूसरी गौशाला में शिफ्ट किया गया।
ग्रामीणों ने जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रात के अंधेरे में जल्दबाजी में पोस्टमार्टम और दफनाने की कार्रवाई से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पर्याप्त रोशनी तक नहीं थी। ऐसे में निष्पक्ष जांच कैसे संभव हुई। कई लोगों ने आशंका जताई कि मामला गौ तस्करी से जुड़ा हो सकता है और सच्चाई छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौ तस्करी की आशंका और जांच की मांग तेज
घटना के बाद सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पशुपालन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/former-uttarakhand-cm-bhuvan-chandra-khanduri-passes-away-at-91/206251