सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित पक्का बाग में

पक्का बाग में 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

17-Year-Old Girl Dies by Suicide in Saharanpur

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित पक्का बाग में आज एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 17 वर्षीय किशोरी ने कथित रूप से घर में पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही थाना मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और परिवार को सांत्वना देने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर

इस संबंध में एसपी सिटी वियोम बिंदल ने बताया कि थाना मंडी क्षेत्र में एक नाबालिग युवती की मौत का मामला सामने आया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी प्रकार का सुसाइड नोट या अन्य ठोस कारण सामने नहीं आया है। पक्का बाग क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं, कम उम्र में एक बेटी की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें: हर शहर, गांव को ग्रीन मोबिलिटी इलेक्ट्रिक सेवा से जोड़ेंगेः मुख्यमंत्री