हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में एक युवती रात के सम

17 वर्षीय लड़की आधी रात अपने घर से हुई गायब, अज्ञात युवक पर लगा गंभीर आरोप

17 वर्षीय लड़की घर से गायब

हाथरस: सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय युवती के आधी रात घर से लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि सोशल मीडिया पर चैटिंग के बाद कोई अज्ञात युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले में युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

12 से 1 के बीच घर से चली गई युवती

परिजनों के मुताबिक, युवती पिछले कुछ समय से मोबाइल फोन पर किसी युवक से बातचीत करती थी। 14 अगस्त की रात परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 से 1 बजे के बीच युवती घर से चली गई। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो युवती घर में नहीं मिली। वह अपना मोबाइल फोन भी साथ लेकर गई थी।

परिवार ने अज्ञात युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप 

युवती के अचानक गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पहले अपने स्तर से उसकी रिश्तेदारियों और संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के भाई ने बुधवार को सिकंदराराऊ कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात युवक पर बहला-फुसलाकर युवती को ले जाने का आरोप लगाया।

पुलिस खंगाल रही युवती के सोशल मीडिया अकाउंट्स

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें युवती के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही हैं। इनमें इंस्टाग्राम और फेसबुक समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म शामिल हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती किन लोगों के संपर्क में थी और आखिरी बार उसकी किससे बातचीत हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की बरामदगी और पूरे मामले की जांच के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द युवती का पता लगाकर मामले की सच्चाई सामने लाई जाए। 

ये भी पढ़ें- डूंगरपुर की 'वागड़ वीर' योजना बनी पूरे राजस्थान की मिसाल, कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़े 75 हजार युवा