कांवड़ लेकर जल लेने गए 17 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर घायल
आजमगढ़ {उत्तर प्रदेश}: देवगांव कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव से कांवड़ लेकर जल लेने गए दो युवकों की बाइक को रविवार देर रात वाराणसी जिले में कैथी टोल प्लाजा के पास एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने 17 वर्षीय संदीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी राकेश का उपचार चल रहा है।
50 युवक कांवड़ लेकर गए थे
घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार, परसौरा गांव से करीब 50 युवक रविवार को कांवड़ लेकर जल लेने गए थे। जल लेकर सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब पौने एक बजे वाराणसी जिले के कैथी टोल प्लाजा के पास एक बाइक सवार ने संदीप गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता और राकेश पुत्र सहंगी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दोनों युवक
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ चल रहे अन्य कांवड़ियों ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर चितई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं राकेश का उपचार जारी है।
संदीप की मौत से गांव में मातम
संदीप के शव का वाराणसी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन और ग्रामीण वाराणसी में मौजूद हैं। संदीप की मौत की खबर जैसे ही परसौरा गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है
यह भी पढ़े: ग्रेड सेपरेटर पर अचानक टूटी मालगाड़ी की कपलिंग, दो हिस्सों में बंटी ट्रेन; मचा हड़कंप