पीथमपुर श्मशान घाट में मिले शव का मामला हत्या में बदला, मिले चोट के निशान
पीथमपुर। पीथमपुर के सेक्टर-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत श्मशान घाट में रविवार सुबह मिले एक अज्ञात युवक के शव का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस जांचमें पता चला कि यह समान्य मौत नहीं बल्कि हत्या है। इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम में मिले गंभीर चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, श्मशान घाट में शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
पहचान होने पर परिजन को सूचना दी
मृतक की पहचान ध्रुव चौहान (19 वर्ष) निवासी कोंडी गोल, खंडवा के रूप में हुई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही है पूछताछ
पुलिस का कहना है कि हत्या किन कारणों से की गई, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
हत्या का मामला दर्ज
सेक्टर-1 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।