अलीनगर थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में किराए के म

चंदौली में किराए के कमरे में 19 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, पति बेहोशी की हालत में मिला

19-Year-Old Woman Found Dead Under Suspicious Circumstances in Chandauli; Husband Found Unconscious

चंदौली (उत्तर प्रदेश)। अलीनगर थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में शनिवार को किराए के मकान में रह रही 19 वर्षीय रानी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं उसका पति रटास कुमार कमरे में बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने उसे इलाज के लिए कमलापति त्रिपाठी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

ठेला लगाकर सब्जी बेचते थे दंपति

मकान मालिक सुरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, रटास कुमार अपनी पत्नी रानी कुमारी के साथ करीब 14-15 दिन पहले किराए पर रहने आया था। दोनों ठेला लगाकर सब्जी बेचते थे। शनिवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद रहा। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की मौजूदगी में खोला गया कमरे का दरवाजा

सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया। अंदर रानी कुमारी मृत अवस्था में पड़ी मिलीं, जबकि रटास कुमार भी कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ा था। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए कमलापति त्रिपाठी चिकित्सालय भेजा।

 पिछले दो दिनों से कमरे का दरवाजा बंद

परिजन विकास कुमार, निवासी सुल्तानपुर, रामनगर ने बताया कि उनके भाई अपनी पत्नी के साथ कटारिया क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते थे। पिछले दो दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था। शनिवार सुबह मकान मालिक ने परिवार को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं

फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।  

यह भी पढ़ें: सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा, ITBP अधिकारी समेत दो की मौत; कई घायल