मकान से 20-25 दिन पुराना युवक का शव बरामद, बदबू आने पर पुलिस को दी गई सूचना
बैतूल (मध्य प्रदेश)। गंज थाना क्षेत्र के जाकिर हुसैन वार्ड में एक मकान से करीब 20 से 25 दिन पुराना शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार शाम वार्ड में तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहां युवक का शव बरामद हुआ।
पिता की कोरोना काल में मौत
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शेख वसीम उम्र 35 वर्ष, पिता शेख सलीम, निवासी जाकिर हुसैन वार्ड, रामनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि वसीम अपने मकान में अकेला रहता था। उसके पिता की कोरोना काल में मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां अलग रहती हैं। वह मजदूरी करता था और शराब पीने का आदी बताया गया है।
मकान के अंदर शव काफी पुरानी हालत में
शुक्रवार को बदबू आने की सूचना मिलने के बाद गंज पुलिस मौके पर पहुंची। मकान के अंदर शव काफी पुरानी हालत में मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार रात शव को फ्रीजर में रखा गया। शनिवार को डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस मृतक के आसपास रहने वाले लोगों और परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जानकारी में किसी तरह की घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ेंः किराए के मकान में शिक्षिका का फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी