माउंट आबू में नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में

नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, कार्यकर्ताओं में बढ़ी नाराजगी

वार्ड 10 में टिकट कटने से नाराजगी

माउंट आबू: नगर निकाय चुनाव को लेकर माउंट आबू में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रत्याशियों के टिकट को लेकर अब पार्टी के भीतर नाराजगी और बगावत के स्वर सामने आने लगे हैं। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जहां टिकट कटने से नाराज होकर करीब 20 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। 

करीब 20 कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने का लिया निर्णय

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 10 से कांग्रेस पार्टी की ओर से मुकेश मेघवाल टिकट की दौड़ में थे, लेकिन पार्टी द्वारा मुकेश मेघवाल की जगह किसी अन्य उम्मीदवार को टिकट दिए जाने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। इसके बाद करीब 20 कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

पार्टी से इस्तीफा दिए जाने की बात आई सामने 

बताया जा रहा है कि मुकेश मेघवाल ने कांग्रेस नगर अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वहीं उनके समर्थन में कई कार्यकर्ताओं द्वारा भी पार्टी से इस्तीफा दिए जाने की बात सामने आई है। टिकट वितरण को लेकर उत्पन्न हुई नाराजगी के बाद कांग्रेस संगठन में हलचल बढ़ गई है। बगावत की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं। 

31 अगस्त है नगर निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 

जानकारी के अनुसार, पार्टी द्वारा नाराज प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं को मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि चुनाव से पहले संगठन में किसी तरह की टूट न हो और पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जा सके। नगर निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 31 अगस्त है। ऐसे में नामांकन की अंतिम तारीख से पहले टिकट को लेकर सामने आई नाराजगी ने स्थानीय राजनीति के समीकरणों को गरमा दिया है। आने वाले दिनों में नाराज कार्यकर्ताओं का अगला कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

माउंट आबू में टिकट विवाद से कांग्रेस की चुनावी चुनौती बढ़ी

माउंट आबू के वार्ड नंबर 10 में टिकट को लेकर शुरू हुई यह सियासी खींचतान कांग्रेस के लिए चुनावी चुनौती बन सकती है। एक ओर पार्टी नेतृत्व डैमेज कंट्रोल में जुटा है, वहीं दूसरी ओर नाराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों के रुख से स्थानीय चुनावी समीकरण प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। 

ये भी पढ़ें- रीवा के उफनते नाले में बहा गैस सिलेंडर डिलीवरी कर्मचारी, सुबह मिला शव