7 जुलाई को हुई शादी, 2 अगस्त को मौत, नवविवाहिता की मौत पर उठे सवाल
बांदा: सात फेरों की रस्म को अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ था कि एक नवविवाहिता की मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 7 जुलाई को शादी और 2 अगस्त को मौत हो गई। महज 26 दिन में एक जिंदगी उजड़ गई।
मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
कोतवाली क्षेत्र के तराया गांव में 20 वर्षीय गीता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष का दावा है कि फंदा लगाने से पहले उसने घर में मौजूद दो मासूम बच्चों के हाथ-पैर बांध दिए थे, जबकि मायके वालों का आरोप है कि दहेज के लिए गीता की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया।
बच्ची ने पड़ोसियों को दी सूचना
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। घर में केवल गीता और दो मासूम बच्चे थे। बच्ची ने किसी तरह अपने हाथ पैर दांतों से खोले और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद परिजन पहुंचे, दरवाजा तोड़ा और गीता को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी मौत की असली वजह
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
ये भी पढे़ं- गोण्डा में घर पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई