मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंदौर की 20 वर्षीय युवती

उज्जैन में 20 वर्षीय युवती से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपियों पर FIR दर्ज

नानाखेड़ा थाना

उज्जैन (मध्य प्रदेश)। इंदौर की 20 वर्षीय युवती ने उज्जैन में चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर दोस्त बने उज्जैन निवासी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

मेघदूत होटल के पास कार में बैठाया

युवती के अनुसार, कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती चक्रेश जैन से हुई थी। सोमवार को चक्रेश ने उसे उज्जैन बुलाया। युवती बस से उज्जैन पहुंची, जहां मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर मिला। आरोप है कि बाद में चक्रेश के चार अन्य दोस्त भी कार में सवार हो गए। युवती ने कार में सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और निजी अंग पर प्लास्टिक पाइप से हमला करने का आरोप लगाया है।

इंदौर में अस्पताल के बाहर छोड़ने का आरोप

युवती के भाई के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9 बजे बहन का फोन आया। उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद भाई इंदौर के अरबिंदो अस्पताल पहुंचा। युवती को अस्पताल के बाहर छोड़े जाने का आरोप है। वहां से दोनों उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा।

दो आरोपियों पर एफआईआर, जांच जारी

सीएसपी श्वेता गुप्ता के मुताबिक, युवती की शिकायत पर चक्रेश जैन और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। युवती ने वीडियो में चार से पांच लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है, जबकि एफआईआर फिलहाल दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः इटावा रोडवेज बस स्टैंड पर स्कॉर्पियो में बस ने मारी टक्कर, CCTV फुटेज आया सामने