औरंगाबाद में डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार 21 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
औरंगाबाद (बिहार)। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना बिहार-झारखंड सीमा से सटे झारखंड के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह रजवार मोड़ स्थित एनएच-139 फोरलेन की है। मृतक की पहचान सुल्तानी गांव निवासी महेंद्र रजक के 21 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार रजक के रूप में हुई है।
हरिहरगंज बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विमलेश किसी कार्य से हरिहरगंज बाजार गया था और बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण सड़क गीली थी। कौवाखोह रजवार मोड़ के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई जिसमें वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हरिहरगंज पहुंचाया।
गयाजी जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
जहां से सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। यहां से गयाजी स्थित मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे एंबुलेंस से गयाजी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन शव को वापस औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। विमलेश कुमार रजक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
पढ़ाई के साथ परिवार को करता था आर्थिक सहयोग
परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी अपने पिता और भाइयों का सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ें: इटावा में 'चाचा' पर छेड़छाड़ का आरोप, कार्रवाई न होने से परेशान युवती पहुंची एसएसपी कार्यालय