मैहर में तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत, जान बचाने के लिए खुद गहरे पानी में उतरे चौकी प्रभारी
मैहर (मध्य प्रदेश)। ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिन्ना में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के एक गहरे तालाब में 21 वर्षीय युवक के डूबने की सूचना ग्रामीणों को मिली। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास पहुंच गए। घटना की सूचना मुकुंदपुर पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
युवक को बचाने तालाब में उतरे चौकी प्रभारी
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब तालाब में युवक के डूबने की जानकारी ली तो उसे बचाने की कोशिश शुरू की गई। युवक के जीवित होने की उम्मीद में मुकुंदपुर चौकी प्रभारी ने बिना समय गंवाए अपनी वर्दी उतारी और स्वयं गहरे पानी में उतर गए। उन्होंने तालाब में काफी देर तक खोजबीन की और मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण भी स्तब्ध रह गए। घटना के बाद तालाब के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।
शौच के लिए गया था युवक
मृतक की पहचान ग्राम झिन्ना निवासी राज दाहिया (21) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राज शनिवार सुबह शौच के लिए गांव के समीप स्थित तालाब की ओर गया था। बताया जा रहा है कि युवक को तैरना नहीं आता था। आशंका जताई जा रही है कि तालाब के किनारे पैर फिसलने अथवा संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। कुछ देर बाद युवक के वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसके तालाब में डूबने की जानकारी सामने आई और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
शव मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
राज का शव तालाब से बाहर निकाले जाने की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि कम उम्र में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बांदा में संदिग्ध हालात में मिली 45 वर्षीय पिता की लाश, बेटी के साथ मारपीट के बाद उठाया था खौफनाक कदम