गुना ट्रक ड्राइवर मौत मामला: 210 पन्नों के चालान ने खोली पोल, बर्खास्त SI ने खुद रचे थे फर्जी गवाह
गुना। उत्तर प्रदेश के ट्रक ड्राइवर की गुना में हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने 58 दिन बाद इस केस में 210 पन्नों का चालान कोर्ट में पेश किया। इसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई है। चालान के मुताबिक, मामले में बर्खास्त सब-इंस्पेक्टर रामवीर कुशवाह ने खुद ही फर्जी गवाह तैयार किए थे।
कुछ गवाह का संबंध घटना से नहीं
चालान में कुल 38 गवाहों के बयान दर्ज हैं, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि इनमें से कुछ गवाह ऐसे हैं, जिनका घटना से कोई लेना-देना नहीं था। पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि तत्कालीन एसआई रामवीर कुशवाह ने अपने स्तर पर बयान गढ़कर केस को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की।
बर्खास्त एसआई रीवा जेल में
मामले में बर्खास्त एसआई रामवीर कुशवाह फिलहाल रीवा जेल में बंद है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चालान पेश करने से पहले जब पुलिस ने कथित गवाहों से उनके पहले दिए गए बयानों को लेकर संपर्क किया, तो कई लोगों ने बयान देने से ही इनकार कर दिया, जिससे पूरे मामले की पोल खुल गई।
मामला सुर्खियों में
गौरतलब है कि यूपी के ट्रक ड्राइवर की मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में रहा और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठते रहे। अब 210 पेज के चालान में हुए खुलासों के बाद न सिर्फ आरोपी एसआई की मुश्किलें बढ़ गई हैं, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है और पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/school-farewell-turns-into-road-chaos-students-dance-on-car-bonnets/131059