मंडला में 2.15 क्विंटल गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार और नाबालिग पकड़ा गया
मंडला (मध्य प्रदेश)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नागौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डड़ही गांव में दबिश देकर 2 क्विंटल 15 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 21 लाख 51 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक MP 19 CA 1061, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है, उसे भी जब्त किया गया है।
गुप्त सूचना पर देर रात पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि डड़ही गांव में भारी मात्रा में गांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान सभाराज पाल के घर से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। मौके से पुलिस ने द्वारिका दाहिया और सभाराज पाल को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग भी पुलिस के हाथ लगा।पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम बताए हैं। प्रारंभिक जांच में इनके तार अनूप जायसवाल उर्फ ‘जस्सा’ से जुड़े होने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एक साल से फरार है बोलेरो का मालिक
पुलिस के अनुसार गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन का मालिक महेश दाहिया है। बताया गया है कि वह पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वयस्क आरोपी न्यायालय, नाबालिग किशोर न्यायालय में पेश होगा। पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों वयस्क आरोपियों द्वारिका दाहिया और सभाराज पाल को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं नाबालिग को नियमानुसार किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस अब गांजे की सप्लाई और तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें: बहराइच के होटल में महिला और युवक के शव फंदे से लटके मिले, 22 सितंबर से ठहरे थे दोनों