बाराबंकी में कर्ज के दबाव से परेशान 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। थाना क्षेत्र रामनगर की ग्राम पंचायत बिछलखा में गुरुवार को एक 22 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान हरिओम पुत्र रामफेर लोधी निवासी बिछलखा के रूप में हुई है। करीब दो वर्ष पहले ही उसकी शादी विनीता के साथ हुई थी। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी विनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता रामफेर लोधी भी बेटे की मौत से सदमे में हैं।
हरिओम ने कुछ लोगों से रुपये उधार ले रखे थे
परिजनों के मुताबिक, हरिओम ने कुछ लोगों से रुपये उधार ले रखे थे। बताया गया कि उधार दिए गए रुपये को लेकर कुछ लोग उसे परेशान कर रहे थे। इसी दबाव के चलते युवक के फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लोहे के छल्ले के सहारे लगाई फांसी
बताया गया कि युवक का पिता खेत में काम करने गया था। घर लौटने पर उसने कमरे में हरिओम को लोहे के छल्ले के सहारे फांसी के फंदे पर लटका देखा। युवक ने भगवा रंग के गमछे का इस्तेमाल किया था। बेटे को इस हालत में देखकर पिता के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर उपनिरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित और उपनिरीक्षक ललित कुमार मुख्य आरक्षी अतुल वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस तहरीर और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा पति-पत्नी के बीच विवाद एवं युवक की मौत के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ ही उधारी और कथित दबाव के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः लियोनेल मेस्सी के अंतरराष्ट्रीय संन्यास पर पत्नी एंटोनेला रोकुज़ो का भावुक संदेश