दीपावली की रात पुलिस चौकी के पास से 24 भेड़-बकरियां चोरी
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के सरेनी थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। दीपावली के पावन पर्व की रात गेगासो गंगागंज बाजार में पुलिस चौकी के ठीक पास से अज्ञात बदमाशों ने 24 भेड़-बकरियां चोरी कर लीं। खास बात यह है कि बदमाश इन मवेशियों को एक कार में लादकर आसानी से फरार हो गए, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और गश्त व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, कार सवार बदमाश घटना से पहले कई घंटों तक आसपास के गांवों में घूमते रहे और संदिग्ध परिस्थितियों में रेकी करते रहे। इसके बावजूद किसी भी पुलिसकर्मी की नजर इन संदिग्धों पर नहीं पड़ी। बदमाशों ने बेखौफ अंदाज में गेगासो पुलिस चौकी के पास इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
चौकी पर पुलिसकर्मी नहीं होने का आरोप
घटना के समय ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने बदमाशों को रोकने की पूरी कोशिश की और शोर भी मचाया, लेकिन मौके पर कोई मदद नहीं मिल सकी। ग्रामीणों का दावा है कि जिस वक्त यह चोरी हो रही थी, उस समय गेगासो पुलिस चौकी पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। चौकी की निष्क्रियता का फायदा उठाकर बदमाश मवेशियों को कार में भरकर फरार होने में कामयाब हो गए। दीपावली जैसे बड़े और संवेदनशील त्योहार की रात जब पुलिस को चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहना चाहिए था, तब इस तरह की घटना होना पुलिस विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है। इस चोरी के बाद से गरीब पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि ये भेड़-बकरियां ही उनकी आजीविका का मुख्य जरिया थीं। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह हाईवे किनारे शव मिलने से मचा हड़कंप, युवक की नहीं हो सकी पहचान