मेला देखने गए 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत, मोबाइल-पर्स गायब होने से उठे सवाल
अंबेडकरनगर: जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र में मेला देखने घर से निकले 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह पड़ोसी गांव के बाहर युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, युवक का मोबाइल फोन और पर्स गायब होने की बात सामने आने से मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
मंगलवार को मेला देखने निकला था युवक
जानकारी के मुताबिक, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के लखनडीह गांव निवासी श्याम कुंवर का 24 वर्षीय पुत्र जय सिंह मंगलवार को घर से मेला देखने के लिए निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता सताने लगी। परिवार के सदस्य उसके घर लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह पड़ोसी गांव के बाहर मिला शव
बुधवार सुबह करीब छह बजे सेमरा मानापुर गांव के बाहरी इलाके में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पहचान होने पर मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर उपनिरीक्षक रामबली सिंह और मोलहे राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से पूछताछ की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
मोबाइल और पर्स गायब होने से बढ़ी आशंका
युवक का मोबाइल फोन और पर्स गायब होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस युवक की आखिरी गतिविधियों और मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: विजयादशमी की रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 8 वर्षीय किट्टू की मौत, साथी घायल