बरेली में घर से सामान लेने निकला 24 वर्षीय फैजान खां लापता, तीन दिन से नहीं मिला कोई सुराग
बरेली (उत्तर प्रदेश)। थाना सुभाषनगर क्षेत्र में घर से सामान लेने निकला 24 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। तीन दिन बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ ही संभावित स्थानों पर भी जानकारी की, लेकिन कोई पता नहीं चला। आखिरकार परेशान परिजनों ने मंगलवार को थाना सुभाषनगर पहुंचकर पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर युवक की गुमशुदगी दर्ज करने और जल्द तलाश कराने की मांग की है।
31 अक्टूबर 2026 की शाम करीब चार बजे घर से निकला
जानकारी के मुताबिक, सुभाषनगर के पुरवा बब्बन खां निवासी समद पुत्र सईद खां ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके साले फैजान खां (24) पुत्र ताहिर खां निवासी पुरवा बब्बन खां 31 अक्टूबर 2026 की शाम करीब चार बजे घर से कुछ सामान लेने के लिए निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे।
दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ
शुरुआत में परिवार के लोगों ने सोचा कि फैजान किसी परिचित या रिश्तेदार के यहां चले गए होंगे और कुछ देर में वापस आ जाएंगे। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। कई संभावित ठिकानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
तीन दिन से युवक का कुछ पता नहीं
तीन दिन से युवक का पता नहीं चलने के कारण परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। समद ने पुलिस से फैजान की गुमशुदगी दर्ज कर सर्विलांस सहित अन्य माध्यमों से उनकी तलाश कराने की गुहार लगाई है।वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः भारतीय नौसेना का बड़ा ऑपरेशन, सोमालिया तट के पास समुद्री डाकुओं से अगवा जहाज 'अज़िनी' छुड़ाया