अमेठी में 24 वर्षीय अनुज कुमार की संदिग्ध परिस्थित

अमेठी में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, दो युवकों पर हत्या का आरोप

24-Year-Old Man Found Dead in Amethi, Two Accused of Murder

अमेठी (उत्तर प्रदेश)। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सोनारी कला गांव निवासी कबाड़ कारोबारी अनुज कुमार (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार दोपहर उसका शव बहुलाहा गांव के पास नहर किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने दो युवकों पर अनुज की हत्या कर शव फेंकने तथा पहचान मिटाने के लिए ज्वलनशील द्रव्य डालकर शव जलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।

हत्या के बाद ज्वलनशील द्रव्य डालकर जलाने की कोशिश

मृतक की मां गुड्डा देवी ने आरोप लगाया कि गांव के छेदी हरिजन और सौरभ शुक्ला सुबह अनुज को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। दोपहर बाद नहर किनारे अनुज का शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव पर जले होने के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या के बाद ज्वलनशील द्रव्य डालकर जलाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया।

शव घर पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित

शव घर पहुंचने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रदर्शन कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर सीओ मनोज कुमार मिश्र और थाना प्रभारी संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीओ ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इसके बाद तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पांच टीमें कर रही जांच

एसपी सरवणन टी ने बताया कि छेदी हरिजन और सौरभ शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या, मौत के बाद ज्वलनशील द्रव्य डालने और करंट लगने की आशंका सामने आई है। इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सौरभ को हिरासत में लिया गया है, जबकि छेदी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

बेटे की मौत से बिलखती रही मां और बहन

अनुज का शव घर पहुंचते ही मां गुड्डा देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। बेटे को याद कर वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। भाई अंकित, पंकज और छोटे भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। बहन खुशी भाई की मौत से बिलखती रही। घर में चीख-पुकार सुनकर पहुंचे रिश्तेदार और ग्रामीण भी भावुक हो उठे। मां और बहन को रोता देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। 

यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत, शिनाख्त नहीं