गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्

आजमगढ़ में शिक्षक चुनाव के दौरान 2.41 लाख रुपये बरामद, चार लोग पकड़े गए

₹2.41 Lakh Seized During Azamgarh Teachers Poll, 4 Held

आजमगढ़ : गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव-2026 में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के दौरान सिधारी थाना क्षेत्र में उड़नदस्ता टीम ने चार लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे से 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद, चुनाव प्रचार सामग्री, मतदाता सूची, हैंडबिल और बैलेट पेपर के प्रतिरूप बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपजिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता टीम दौलतपुर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार (नंबर UP54AX2379) में सवार चार लोगों को रोका गया। कार की बीच वाली सीट पर रखे पांच सफेद झोलों की तलाशी लेने पर गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित प्रचार सामग्री, मतदाता पर्चियां, बैलेट पेपर के प्रतिरूप, हैंडबिल और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों की मतदाता सूची मिली।

लिफाफों में रुपये बांटने जाने की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने रुपये लिफाफों में रखकर बांटने जाने की बात बताई। इसके बाद सिधारी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 431/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मऊ और आजमगढ़ के रहने वाले हैं चारों आरोपी

पकड़े गए लोगों की पहचान मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के करमी निवासी सुभाष सिंह और शिवगोविंद सिंह तथा आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी कस्बा निवासी राजेश कुमार पांडेय और समेदा निवासी शिवमोहन सिंह के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद के अलावा एक किआ सेल्टोस कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

ये भी पढ़ें: समस्तीपुर के राज दरबार ढाबे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, संचालक को तीन गोलियां मारीं