सिद्धार्थनगर में शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, सीमा पर झाड़ियों से मिलीं ओल्ड मंक की 244 बोतलें
सिद्धार्थनगर: जनपद में अपराध, अपराधियों और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोहाना पुलिस, आबकारी विभाग और एसएसबी (66वीं वाहिनी, सीमा चौकी लीलाडिहवा) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने पिलर संख्या 543/34 के पास ग्राम भुजौली के करीब नो मैंस लैंड की झाड़ियों से कुल 244 बोतल 'ओल्ड मंक' (OLD MONK 750ML) विदेशी मदिरा बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
मोहाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
थानाध्यक्ष मोहाना जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने लावारिस हालत में छिपाकर रखी गई शराब को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, सिद्धार्थनगर को सुपुर्द कर दिया है, जहां आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस सफल अभियान में आबकारी निरीक्षक अवनीश कुमार पाण्डेय, आबकारी सिपाही मधुसूदन सिंह व शिवेंद्रधर द्विवेदी (आबकारी विभाग), उप-निरीक्षक अशोक कुमार, मुख्य आरक्षी उमेश कुमार और आरक्षी किशन कुमार गुप्ता (थाना मोहाना) शामिल रहे।
ये भी पढ़ें- बहराइच में जमीनी विवाद से परेशान महिला पानी की टंकी पर चढ़ी, कैसरगंज तहसील में मचा हड़कंप