तुरकौलिया पुलिस ने निमुईया मुख्य सड़क पर सघन वाहन

तुरकौलिया में कार से ₹24.91 लाख नकद बरामद, दो नेपाली युवक चार गिरफ्तार

₹24.91 Lakh Cash Seized from Car in Turkaulia, Four Held

मोतिहारी (बिहार)। तुरकौलिया पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने निमुईया मुख्य सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर देर रात एक कार से ₹24.91 लाख नकद बरामद किया है। इस दौरान कार में सवार चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो युवक नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष सम्पत कुमार के नेतृत्व में जांच अभियान के दौरान संदिग्ध स्थिति में एक कार को रोका गया।

कार की डिक्की के गुप्त तहखाने से मिली नकदी

तलाशी के दौरान पुलिस को कार की डिक्की में बनाए गए एक गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में नकदी मिली। बरामद रुपये को लेकर पुलिस को प्रथम दृष्टया संदेह है कि यह रकम किसी अवैध गतिविधि, संभवतः ड्रग्स कारोबार से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी नागेंद्र साहनी के पुत्र कृष्ण साहनी, नकरदेई थाना क्षेत्र के कटगेनवा निवासी जोगी कुशवाहा के पुत्र सुभाष कुमार तथा नेपाल के शिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी प्रज्जवल साहनी और दयाली राय के पुत्र दीपेश कुमार यादव के रूप में हुई है।

रकम के स्रोत और अवैध कारोबार की जांच जारी

बताया जा रहा है कि ये सभी लोग पटना से कार से आ रहे थे। बताया जाता है कि पकडे गए कृष्ण साहनी की पहुंच ऊपर तक है। गांव में उसका बहुमंजिला घर है। कई गाड़िया उसके पास है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सम्पत कुमार के साथ दारोगा रामसेवक सिंह, जमादार कन्हैयालाल और संतोष कुमार पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और बरामद राशि के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: कोरबा में पटवारी रिश्वतखोरी के वीडियो के बाद निलंबित, आदिवासी किसानों में आक्रोश