उज्जैन में जलाए जाएंगे 25 लाख दीपक, VVIP मूवमेंट के बीच कड़ी सुरक्षा
उज्जैन: उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट समेत प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में करीब 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे रामघाट पर 'आशीर्वाद का दीप' जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद मां शिप्रा की आरती होगी। कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहेंगे।
26 हजार वॉलंटियर्स किए जाएंगे तैनात
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए 26 हजार वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं। केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक और रामघाट समेत शिप्रा के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में देशभर से 500 से ज्यादा कलाकार शामिल होंगे। बाबा महाकाल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गायन, वादन, नृत्य और युवाओं के लिए भजन जैमिंग होगा। अभिनेता और कवि शैलेश लोढ़ा प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर आधारित नरेशन भी प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा।
VVIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी
वहीं, कार्तिक मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशाल पोर्ट्रेट तैयार किया गया है, जिस पर जनभागीदारी से दीप रखे जाएंगे, लेकिन दीपोत्सव के साथ उज्जैन में VVIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कड़ी रहेगी। करीब 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें करीब 2 हजार अतिरिक्त जवान पुलिस मुख्यालय से बुलाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए करीब 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।नितिन नवीन शाम करीब 5:05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे, 6:45 बजे रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होकर 'आशीर्वाद का दीप' प्रज्वलित करेंगे और रात 8 बजे भजन संध्या में शामिल होंगे। अगले दिन सुबह महाकाल मंदिर में भस्म आरती में भी शामिल होंगे।
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत पहुंचेंगे उज्जैन
इसके अलावा आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत भी उज्जैन पहुंचेंगे और संघ के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दीपोत्सव में करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने घाटवार पार्किंग, ड्रॉप पॉइंट और ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। दोपहर 12 बजे से कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात बंद रहेगा। यानी आज उज्जैन में दीयों की रोशनी, आस्था का उत्साह और VVIP मूवमेंट-तीनों का बड़ा संगम देखने को मिलेगा।
ये भी पढे़ं- मथुरा में मजार के निर्माण को लेकर विवाद, जांच तक रोक की मांग