भाजपा कार्यालय के सामने 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर शहर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भाजपा कार्यालय के सामने सड़क पर 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मजदूरी करता था युवक
मृतक की पहचान नितिन मालवीय (25), पिता बंसीलाल मालवीय, निवासी टंकी चौराहा, शाजापुर के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से आगर जिले का रहने वाला है और वर्तमान में शाजापुर के टंकी चौराहा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, नितिन मजदूरी करता था। उसकी शादी वर्ष 2021 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं।
चार महीने पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी
परिजनों ने बताया कि करीब चार महीने पहले नितिन की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था और शराब का अधिक सेवन करने लगा था। मृतक के पिता बंसीलाल मालवीय ने बताया कि नितिन काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर उसका शव मिला, उसके पास ही उसके मौसेरे भाई का किराए का मकान है। दोनों साथ में मजदूरी का काम करते थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि युवक के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम