सोनभद्र में संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय युवक की मौत
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। चोपन थाना क्षेत्र के डाला चौकी अंतर्गत बाड़ी गांव में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप
मृतक की पहचान मनीष (पुत्र बाबूलाल, निवासी बाड़ी, डाला, थाना चोपन) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनीष ने घर की छत पर सीढ़ियों के ऊपर लगे टीन शेड के पाइप से कपड़े का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
कुछ ही महीने पहले ही हुआ था विवाह
बताया जा रहा है कि मनीष का कुछ ही महीने पहले विवाह हुआ था और उसकी ससुराल भी डाला क्षेत्र में ही स्थित है। घटना की सूचना मिलने पर उसकी पत्नी, जो कि इन दिनों मायके गई हुई थी, तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पति का शव देखकर उसका और मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पाकर मौके पर पहुंची डाला चौकी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ेंः राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत