मुंगेर में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने कार से करीब

मुंगेर में 250 लीटर शराब बरामद, कार सवार दो तस्कर गिरफ्तार

250 Litres of Liquor Seized in Munger, Two Arrested

मुंगेर (बिहार)। झारखंड के देवघर से शराब की खेप लेकर निकली कार करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद नयारामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस के हत्थे चढ़ गई। कार में करीब 250 लीटर अंग्रेजी शराब लदी थी। पुलिस ने चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में शराब की खेप देवघर से बेगूसराय ले जाने की बात सामने आई है। नयारामनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात तेलिया तालाब मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोका।

कार से बड़ी मात्रा में शराब बरामद

तलाशी लेने पर कार से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान देवघर जिले के जसीडीह निवासी अजय यादव और बांका जिले के मडर कुरेवा निवासी पवन कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि शराब देवघर से लोड की गई थी। इसे बेगूसराय में पहुंचाना था। इसके लिए तस्करों ने झारखंड से बिहार तक का रास्ता चुना।

पुलिस निगरानी पर भी उठे सवाल

कार कई थाना क्षेत्रों से गुजरते हुए नयारामनगर तक पहुंच गई। यहां पुलिस की कार्रवाई के बाद तस्करों की योजना धरी रह गई। शराब की खेप के इतनी दूर तक पहुंचने के मामले ने रास्ते में होने वाली वाहन जांच और पुलिस निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके इशारे पर भेजी गई थी और बेगूसराय में इसे किसे सौंपा जाना था।

गुप्त सूत्रों से मिली थी सूचना

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब की खेप आने की सूचना मिली थी। इसके बाद तेलिया तालाब चौक के पास पुलिस टीम को लगाया गया। संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो शराब बरामद हुई। दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः भिंड के स्कूल में गंदे बर्तनों का मामला, सवाल पूछने पर पत्रकारों से अभद्रता