हाथरस में 25 हजार का इनामी बदमाश मोना ठाकुर मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। हाथरस पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोना ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
सीएलए एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई
हाथरस गेट थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 269/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं, सीएलए एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में कुल छह नामजद अभियुक्त घटना के बाद से फरार चल रहे थे और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे।
फरार अभियुक्तों पर इनाम घोषित
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थीं। साथ ही सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक हाथरस ने सभी फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़
इसी क्रम में एसओजी टीम, थाना हाथरस जंक्शन और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी अभियुक्त मोना ठाकुर जंक्शन क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने मेंडु से रूहेरी रोड पर उसकी घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान मोना ठाकुर के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फरार अभियुक्तों की तलाश लगातार जारी: पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश भी लगातार जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें सक्रिय हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: चितावा थाने के तत्कालीन SHO समेत 6 पर FIR, दलित युवक से मारपीट और गैरकानूनी हिरासत का आरोप