डीडवाना-कुचामन में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर की इनोवा से 2,640 पव्वे बरामद
डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। पंचायत राज चुनाव 2026 के मद्देनजर डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में कुचामन सिटी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की इनोवा कार से 55 कार्टून अवैध देशी शराब बरामद की है। जब्त शराब में कुल 2,640 पव्वे शामिल हैं।
वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
पुलिस ने मौके से बसंत जांगिड़ को गिरफ्तार किया है, जबकि वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर 2026 को कुचामन सिटी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने कुचामन कस्बे सहित भांवता, केरपुरा और आसपास के क्षेत्रों में गश्त की।
पुलिस टीम को एक बिना नंबर की इनोवा कार मिली
गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक बिना नंबर की इनोवा कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक कार को कच्चे रास्तों से भगाने लगा। आगे रास्ता बंद होने पर चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने कार में बैठे दूसरे व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बसंत जांगीड़ पुत्र रामेश्वर लाल, उम्र 37 वर्ष, निवासी पांचोता, थाना नांवा शहर के रूप में हुई।
कार से 55 कार्टून देशी शराब बरामद
कार की तलाशी लेने पर उसमें 55 कार्टून देशी शराब (RSGSM) भरी मिली। पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में की गई कार्रवाई के संबंध में उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनावों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के परिवहन सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमले का आरोपी अंकित यादव पैर में गोली लगने से घायल