शास्त्री ब्रिज पर डंपर की चपेट में आने से शादी का

जौनपुर में शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, चाचा गंभीर घायल

सड़क हादसे में मृतक युवक

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को गम में बदल दिया।

मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज का

मामला लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज का है। जानकारी के मुताबिक, वाजिदपुर दक्षिणी निवासी सुधांशु शर्मा मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर उनकी बेटी की शादी का कार्ड बांटने खासनपुर मोहल्ले गए थे। निमंत्रण कार्ड बांटकर दोनों घर लौट रहे थे, तभी शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

आगामी 21 नवंबर को थी बहन की शादी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके चाचा शरद कुमार शर्मा घायल हो गए। बताया जा रहा है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और सुधांशु इसी खुशी में निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। 

यह भी पढ़ेंः दिवाली से पहले दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 451 पर पहुंचा; कई इलाकों में गंभीर प्रदूषण