रायबरेली में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, 15 नामजद पर मुकदमा
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के सनसनीखेज मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी फर्में बनाकर लोगों से पैसे लगवाए और करोड़ों रुपये डकार गए। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर 15 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पशुधन लाइव व स्टाक एंड मार्केटिंग इंडियन लिमिटेड' नामक कंपनी से हुआ फ्रॉड
मिल एरिया थाना क्षेत्र के बरखापुर निवासी दिलीप कुमार ने न्यायालय में दायर याचिका में बताया कि बालापुर में 'पशुधन लाइव व स्टाक एंड मार्केटिंग इंडियन लिमिटेड' नाम से एक कंपनी खोली गई थी, जिसका पंजीकृत कार्यालय दिल्ली के सेक्टर-15 रोहिणी का दर्शाया गया था। कंपनी से जुड़े लोगों ने उन्हें और अन्य ग्रामीणों को लुभावने ऑफर दिए। इसके बाद आरोपियों ने पीएलएम इंडिया लिमिटेड, पीएमएल सेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पशुधन कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और पशुपति म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नाम से चार और फर्में बनाईं।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर कंपनी को भारत सरकार से पंजीकृत दिखाया
आरोप है, कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर इन कंपनियों को भारत सरकार से पंजीकृत दिखाया गया और 62,363 रुपये स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर लेने के साथ छह वर्षों में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया गया। दिलीप का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें और हजारों अन्य निवेशकों को शिकार बनाकर कुल 2 करोड़ 88 लाख 35 हजार 812 रुपये की ठगी की है। आरोपी घर-घर जाकर फर्जी बांड के आधार पर अलग-अलग स्कीम के तहत नकदी वसूलते थे। ठगी की जानकारी होने पर जब निवेशकों ने अपने पैसों के भुगतान की मांग की, तो आरोपियों ने उन्हें जान-माल की धमकी दी।
15 नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज
मिल एरिया प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर नीलम गुप्ता, शिवजी गुप्ता, विकास प्रभाकर, शंकर गुप्ता, गीता गुप्ता, ममता कुमारी, जीतू गुप्ता, सोनू गुप्ता (सभी निवासी रोहिणी, दिल्ली); असेंद्र सिंह, विमला गुप्ता, रमेश कुमार बिंद (सभी निवासी मिर्जापुर); धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार बिंद (प्रयागराज); भारत सिंह और सविता सिंह सहित 15 नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः इटावा में पुलिस मुठभेड़, हत्या के प्रयास में वांछित बदमाश अभिषेक पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार