नवीनगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने विशाखापत्तनम एक्स

विशाखापत्तनम एक्सप्रेस में मिला 29 किलो गांजा, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई; कीमत 14.50 लाख रुपये

Visakhapatnam Express

चन्दौली/डीडीयू नगर: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह नवीनगर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 18523 अप विशाखापत्तनम एक्सप्रेस से करीब 29 किलो गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 14 लाख 50 हजार 350 रुपये बताई गई है।

सघन जांच अभियान के दौरान मिली सफलता

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे नवीनगर आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक राम विलास राम अपनी टीम उपनिरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, आरक्षी राकेश कुमार एवं संतोष कुमार मिश्रा के साथ स्टेशन पर ट्रेनों की सघन जांच कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची विशाखापत्तनम एक्सप्रेस के बी-1 कोच की तलाशी ली गई।

लावारिस ट्रॉली बैग में मिला गांजा

जांच के दौरान कोच में एक भूरे रंग का ट्रॉली बैग लावारिस अवस्था में मिला, जिसमें सेलो टेप से लिपटे छह पैकेट गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इन पैकेटों का कुल वजन 14.403 किलोग्राम पाया गया।

हैंगिंग बैग से भी बरामद हुए छह पैकेट

तलाशी के दौरान एक नीले रंग का हैंगिंग बैग भी मिला। बैग के भीतर सेलो टेप से लिपटे छह पैकेट बरामद हुए, जिनका वजन 14.604 किलोग्राम था।

कुल 29 किलो से अधिक गांजा बरामद

दोनों बैगों से बरामद कुल 12 पैकेटों का वजन 29.007 किलोग्राम निकला। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 14 लाख 50 हजार 350 रुपये आंकी गई है।

तस्करों की तलाश में जुटी एजेंसियां

आरपीएफ ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि लावारिस बैग ट्रेन में किसने रखा था और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।

यह भी पढ़े: Tej Pratap Yadav Patna House Theft: जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के घर बड़ी चोरी, FIR दर्ज