मोरवा में कार के अंदर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने स

मोरवा में कार के अंदर मिला 29 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

29-Year-Old Found Dead in Car, Murder Suspected

मध्य प्रदेश : मोरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। वार्ड क्रमांक-09 स्थित अय्यप्पा मंदिर के समीप खड़ी एक मारुति एक्सप्रेसो कार (क्रमांक यूपी 64 एयू 8969) के अंदर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता के रूप में हुई

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू (29 वर्ष), निवासी आदर्श गंगा, वार्ड क्रमांक-09, मोरवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 05 बजे स्थानीय लोगों ने अय्यप्पा मंदिर के पास काफी देर से खड़ी कार के अंदर युवक को अचेत अवस्था में देखा। लोगों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों को सूचना दी गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल एनसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और अस्पताल में परिजनों एवं परिचितों की भीड़ लग गई।

रात में हुई थी आखिरी बार बातचीत

परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 10:45 बजे सत्य प्रकाश से उनकी अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई थी। उसने थोड़ी देर से घर आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह कार में अचेत अवस्था में मिलने की सूचना के बाद परिवार मौके पर पहुंचा।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। कार के भीतर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

यह भी पढ़े: सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, परिजनों ने लगाया बाइक से कुचलने का आरोप