सहारनपुर में 24 लाख की स्मैक के साथ 3 नशा तस्कर गिरफ्तार, कार भी जब्त
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सवेरा 2.0' के तहत गंगोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 24 लाख रुपये कीमत की अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को किया गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत सोमवार को गंगोह थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पशु पैठ चौक के पास चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान निवासी यमुनानगर (हरियाणा), अफजाल निवासी कातला थाना चिलकाना और नीरज उर्फ बिट्टू निवासी पीरपुरा लखनौती थाना गंगोह के रूप में हुई। तलाशी में रिजवान के पास से 100 ग्राम, अफजाल के पास से 10 ग्राम तथा नीरज के पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
आरोपियों स्मैक नशे के हैं आदी
इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इग्निस कार (HR 02 AZ 7224) को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गंगोह में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक के नशे के आदी हैं और अधिक कमाई के लालच में नशा बेचने का धंधा करते थे। तीनों मिलकर नशा करने वालों को तलाशते और उन्हें स्मैक बेचकर मुनाफा कमाते थे।
आरोपी अफजाल के खिलाफ पहले से दो मुकदमे हैं दर्ज
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अफजाल के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः वाराणसी में किराना कारोबारी हत्याकांड का खुलासा, साइबर ठगी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार