सिरोही जिले में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो

सिरोही में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों में टक्कर के बाद लगी आग, तीन युवकों की मौत

सड़क हादसा में तीन युवकों की मौत

सिरोही: सिरोही जिले में रेवदर-आबूरोड मार्ग पर तलवार नाका के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक आग की चपेट में आ गईं। वहीं, एक बाइक सड़क से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में जा गिरी, जहां उसमें भी आग लग गई। दोनों बाइकों में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में गंभीर चोटें लगने और आग की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चनार निवासी जोराराम गरासिया, मूंगथला निवासी गोपाल भील और चनार निवासी रतन गरासिया के रूप में हुई है।

अंबाजी दर्शन को जा रहे युवकों की बाइक दूसरी बाइक से भिड़ी

जानकारी के अनुसार, चनार गांव से युवक अंबाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मानपुर की ओर से रेवदर जा रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को आबूरोड उप जिला अस्पताल में उपचार के बाद रेफर किया गया था। इनमें चनार निवासी रतन गरासिया ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में चनार निवासी घायल राजू गरासिया का उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर सदर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी प्रदीप डागा के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

ये भी पढ़ें- RSS के शताब्दी समारोह के समापन वर्ष पर नागपुर में विजयदशमी उत्सव, मोहन भागवत ने की शस्त्र पूजा