सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार

सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत 3 गंभीर घायल

सुल्तानपुर में 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत

सुल्तानपुर: बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा माइल स्टोन 97.5 के पास हुआ। तेज रफ्तार एर्टिगा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, एर्टिगा कार में छह लोग सवार थे। हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौके पर ही मौत हो गई। 

हादसे में तीन लोग गंभीर घायल

वहीं, देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग और एक्सप्रेसवे कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर बल्दीराय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति रही। 

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

घायल जयंतो शर्मा ने पुलिस को बताया कि सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। वे लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कार में सवार सभी लोग नींद में थे। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया। टक्कर किस तरह हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं हो सकी। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हादसे की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें- रायबरेली में पत्नी की लाठी से पीटकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार