नरसिंहपुर में 3 वर्षीय मासूम की संदिग्ध मौत, परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम काचर कोना में सोमवार रात 3 वर्षीय मासूम कृष्णकांत पटेल उर्फ शिवाय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने तेंदूखेड़ा एसडीओपी अभिनव मिश्रा को एक ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
रात करीब 11 से 12 बजे के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परिजनों के अनुसार, कृष्णकांत अपनी मां के साथ ग्राम काचरकोना स्थित नाना छोटेलाल किरार के घर आया हुआ था और रात में मां के साथ सो रहा था। 17 अगस्त की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई । परिजनों ने कुछ लोगों से पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मामले की जांच के दौरान परिवार की एक सदस्य के साथ मारपीट कर दबाव बनाने और घटना की लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है।
जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन
हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से घटना से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करने, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने, पोस्टमार्टम एवं अन्य जांच के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा दोषियों के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की। साथ ही परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ेंः सपने में किसी को मरते हुए देखना क्या होता है? जानिए स्वप्न शास्त्र की मान्यता