सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 3 युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत और 3 घायल
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब लखनऊ में प्रोफेशनल टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर खिलाड़ी देवरिया लौट रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और रेस्क्यू टीमों को घायलों को बाहर निकालने के लिए कार के हिस्से काटने पड़े।
टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यूपीडा और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए टीमों को कार के हिस्सों को काटना पड़ा। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवा खिलाड़ी देवरिया जिले के निवासी थे। मृतकों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों खिलाड़ी लखनऊ में आयोजित प्रोफेशनल टेनिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद वापस देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
तीन खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल
हादसे में आनंद यादव, राजू और जयंतो शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बताया गया कि तेज रफ्तार कार के ट्रक में पीछे से टकराने के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके चलते राहत एवं बचाव टीमों को घायलों को बाहर निकालने के लिए कार के हिस्से काटने पड़े।
यह भी पढ़ें: "इसका बाप अच्छा आदमी नहीं है": शहजाद खान ने बताया, अजीत खान की विलेन इमेज से स्कूल में उनसे डरती थीं लड़कियां