मोतिहारी में 300 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद, ऑटो चालक गिरफ्तार
मोतिहारी (बिहार)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भादा नहर पुल के समीप एक ऑटो (टेम्पो) से भारी मात्रा में अवैध चुलाई शराब बरामद की है। मौके से पुलिस ने ऑटो चालक को भी धर दबोचा है।
गुप्त सूचना पर भादा नहर पुल के पास घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार हरसिद्धि थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि संग्रामपुर की ओर से एक ऑटो के जरिए अवैध शराब की बड़ी खेप हरसिद्धि की तरफ लाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल को हरसिद्धि थाना क्षेत्र के भादा नहर पुल के पास तैनात किया गया। कुछ देर बाद जब संदिग्ध ऑटो वहां से गुजरने लगा, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 300 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
300 लीटर शराब के साथ ऑटो चालक जयप्रकाश गोस्वामी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ऑटो और उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए टेम्पो चालक की पहचान कुबरा पकड़िया गांव निवासी जयप्रकाश गोस्वामी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस को इस अवैध धंधे में शामिल मुख्य शराब तस्करों और कारोबारियों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मामले की पुष्टि करते हुए हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई थी, जिसमें 300 लीटर चुलाई शराब के साथ ऑटो और चालक को गिरफ्तार किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए चालक से पूछताछ के आधार पर इस अवैध धंधे में संलिप्त अन्य कारोबारियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 110 किलो आतिशबाजी के साथ एक गिरफ्तार