300 छात्रों की पढ़ाई पर संकट, अंग्रेजी शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हटाने की मांग
डूंगरपुर {राजस्थान}: जिले के ग्राम पंचायत रेटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत करीब 300 विद्यार्थियों की पढ़ाई पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। विद्यालय में पदस्थापित अंग्रेजी विषय के एकमात्र शिक्षक शादाब हुसैन की तहसील कार्यालय में लगाई गई प्रतिनियुक्ति को तत्काल निरस्त करने की मांग को लेकर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा है।
शिक्षक हटे तो बच्चों का भविष्य होगा प्रभावित
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षक की प्रतिनियुक्ति रद्द कर उन्हें विद्यालय में पुनः नियमित अध्यापन के लिए नहीं भेजा गया, तो इससे कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेटा, जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर ग्रामीण अंचल में स्थित है। विद्यालय में वर्तमान में अंग्रेजी विषय के केवल एक ही शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं द्वितीय श्रेणी अध्यापक का पद पहले से ही रिक्त चल रहा है। ऐसे में एकमात्र शिक्षक को तहसील कार्यालय में प्रतिनियुक्त कर दिए जाने से विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इकलौते शिक्षक की प्रतिनियुक्ति से 300 बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
अन्य कर्मचारी की ड्यूटी लगाने की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शादाब हुसैन की तहसील कार्यालय में लगाई गई प्रतिनियुक्ति तुरंत निरस्त की जाए और उनके स्थान पर किसी अन्य विभाग या विद्यालय के गैर-शिक्षण कार्मिक की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।
यह भी पढ़े: सावन में शिव दर्शन को निकले छात्र की दर्दनाक मौत, टैंकर ने कुचला