शास्त्री पार्क में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की तलाश
नई दिल्ली। दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके के बुलंद मस्जिद क्षेत्र में शनिवार रात एक 32 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान समीर उर्फ मुस्तकीम के रूप में हुई है। परिवार ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात 11:24 बजे बुलंद मस्जिद इलाके में हुई घटना
उत्तर-पूर्व जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि, "24 जनवरी की रात करीब 11:24 बजे शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना की सूचना मिली। घटनास्थल पर बुलंद मस्जिद इलाके में जब पुलिस पहुंची, तो पता चला कि पीड़ित समीर उर्फ मुस्तकीम उर्फ क़मू पहलवान (32 वर्ष), पिता अलीमुद्दीन, निवासी बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क, को उसके परिवार वालों ने जेपीसी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे 'brought dead' घोषित कर दिया गया।"
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
डीसीपी ने बताया कि, "फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शास्त्री पार्क थाना में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमों को तैनात किया गया है।"
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/delhis-air-quality-improves-rain-brings-relief/130549