छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन में रह रही महिल

लिव-इन में रह रही 33 वर्षीय संतोषी की बेरहमी से हत्या, एक महीने तक सेप्टिक टैंक में छिपा रहा शव

युवती का सड़ा-गला शव

कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 33 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर उसका शव सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया। घटना के करीब एक महीने बाद दुर्गंध और संदेह के आधार पर पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया है।

मृतका अपने लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव के साथ रहती थी

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका संतोषी (33 वर्ष) अपने लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव के साथ बरपाली में रह रही थी। आरोपी मनोज अत्यधिक नशे का आदी है। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मनोज ने संतोषी की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद घबराए आरोपी ने मामले को दबाने के लिए शव को घर की बाड़ी में स्थित सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया।

रक्षाबंधन पर नहीं पहुंची बहन तो परिवार को हुआ शक

​वारदात के बाद आरोपी लगातार मृतका के परिजनों और भाइयों को गुमराह करता रहा। रक्षाबंधन के त्योहार पर जब संतोषी अपने मायके भाइयों को राखी बांधने नहीं पहुंची, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। भाइयों ने जब बहन की तलाश शुरू की और मनोज के घर पहुंचे, तो बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन अधखुला मिला और वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी।

परिजनों ने तत्काल श्यांग थाना पुलिस को सूचना दी

​संदेह गहराने पर परिजनों ने तत्काल श्यांग थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक को खुलवाकर लगभग एक महीने पुराना सड़ा-गला शव बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और मेडिकल टीम ने बारीकी से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

आरोपी 5 सितंबर से ही गांव छोड़कर फरार

​पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से ही गांव छोड़कर फरार है। आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इकलौती बहन की ऐसी दर्दनाक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। 

यह भी पढ़ेंः अमेठी: बाईपास के पास खेत में मिला 35 वर्षीय मुन्ना प्रजापति का शव, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की आशंका