झालावाड़ के गुराड़िया जोगा गांव में बदमाशों ने किस

झालावाड़ में किसान के 3500 पपीते के पौधे काटे, लाखों के नुकसान का दावा

3500 Papaya Plants Destroyed in Jhalawar, Farmer Claims Huge Loss

झालावाड़ (राजस्थान)। जिले के भवानीमंडी क्षेत्र के गुराड़िया जोगा गांव में एक किसान की महीनों की मेहनत पर अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात में पानी फेर दिया। बदमाशों ने खेत में लगे अमीना किस्म के करीब 3500 फलदार पपीते के पौधों को धारदार हथियार से काटकर तहस-नहस कर दिया। घटना से किसान को लाखों रुपये का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। मामले को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में पीड़ित किसान, पाटीदार समाज के लोग और अन्य किसान मिनी सचिवालय पहुंचे तथा प्रशासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की।

छह बीघा जमीन में लगाए थे पपीते के पौधे

पाटीदार समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि मिश्रोली थाना क्षेत्र के गुराड़िया जोगा निवासी किसान आयुष पाटीदार पुत्र राकेश पाटीदार ने करीब छह माह पहले छह बीघा भूमि पर अमीना किस्म के 3500 पपीते के पौधे लगाए थे। पौधों की सिंचाई के लिए ड्रिप सिस्टम सहित अब तक करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे। पौधों पर फल भी आना शुरू हो गए थे और उनकी देखरेख के लिए गांव के ही सुजान मेघवाल को लगाया गया था।

सुबह खेत पहुंचने पर उजड़ी मिली फसल

बताया गया कि सुबह जब सुजान मेघवाल खेत पर पहुंचा तो पूरा खेत उजड़ा हुआ मिला। सभी पौधे धारदार हथियार से काटकर क्षत-विक्षत कर दिए गए थे। सूचना मिलने पर किसान आयुष पाटीदार मौके पर पहुंचे और घटना की रिपोर्ट मिश्रोली थाने में दर्ज कराई।

52 लाख रुपये की संभावित आमदनी का नुकसान

पीड़ित किसान का कहना है कि प्रत्येक पौधे से औसतन 1500 रुपये से अधिक की आय होने की संभावना थी। इस हिसाब से उसे करीब 52 लाख रुपये की संभावित आमदनी का नुकसान हुआ है। किसानों ने जिला प्रशासन से राजस्व विभाग के माध्यम से मौके का सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

आरोपियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग

ज्ञापन में पाटीदार समाज ने घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, उनके अवैध निर्माण ध्वस्त करने तथा गुराड़िया जोगा के पुलिस बीट इंचार्ज को हटाने की भी मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 

यह भी पढ़ें:   महासमुंद में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नशीली दवाओं और 28 लाख के गांजे के साथ तीन गिरफ्तार