बरेली जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव

सुबह खेत पर गए युवक का चरी के खेत में मिला शव, शरीर पर मिले चोट के गंभीर निशान

36-Year-Old Man Found Dead with Severe Injuries in Fodder Field

बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव टिटौली में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव चरी के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सुबह घर से निकले थे धर्मपाल, दोपहर में ग्रामीण ने देखा शव

जानकारी के अनुसार टिटौली निवासी धर्मपाल (36) पुत्र रामचंद्र मंगलवार सुबह करीब सात बजे भूड़-मडोली स्थित अपने खेत पर गए थे। जब वह दोपहर तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान चरी काटने के लिए खेत पर पहुंचे एक ग्रामीण ने धर्मपाल का शव खेत में पड़ा देखा। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

शरीर पर चोटों के निशान मिलने से बढ़ी रहस्य की परतें

परिजनों का कहना है कि धर्मपाल के शरीर पर चोटों के निशान थे। उनकी कमर और पैरों पर चोटें दिखाई दे रही थीं, जबकि दोनों हाथों की खाल भी छिली हुई थी। इसके अलावा चेहरा नीला पड़ा हुआ था और एक कान भी कटा हुआ बताया जा रहा है। घटनास्थल के पास से पुलिस को एक जोड़ी चप्पल भी मिली है। बताया गया कि धर्मपाल अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर खेत गए थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस

मृतक अपने पीछे पत्नी निर्मला, पुत्र अंकित और पुत्री स्वाती को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: रायबरेली में मामूली विवाद बना जानलेवा, वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या