पेड़ के नीचे संदिग्ध हालत में मिला 38 वर्षीय मजदूर का शव, पत्नी और 6 बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट
उत्तर प्रदेश: सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के बखड़ऊर इलाके में मंगलवार सुबह एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। 38 वर्षीय मजदूर राजेश का शव श्याम महाविद्यालय के पास एक पेड़ के नीचे मिला। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी और छह बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूल रूप से पन्नूगंज थाना क्षेत्र का निवासी था मजदूर
प्रधान नगीना के अनुसार, मृतक राजेश (38) पुत्र बुडुक अगरिया मूल रूप से पन्नूगंज थाना क्षेत्र का निवासी था। वह पिछले पांच-छह वर्षों से चोपन थाना क्षेत्र के बखड़ऊर में अपनी ससुराल में रह रहा था। यहां वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। स्थानीय स्तर पर वह चोपन के सिंदुरिया इलाके में एक गल्ला कारोबारी के यहां काम करता था।
पेड़ के नीचे मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
मंगलवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने श्याम महाविद्यालय के पास एक पेड़ के नीचे शव पड़ा देखा। मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चोपन पुलिस को दी। सूचना मिलने पर चोपन थाने के एसआई मनोज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
राजेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पत्नी और छह बच्चों के सामने रोजी-रोटी का संकट
राजेश अपने पीछे पत्नी और छह बच्चों को छोड़ गया है। उसके परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है। परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार को अब बच्चों के पालन-पोषण, पढ़ाई और भविष्य की चिंता सता रही है। इस घटना से परिजनों का बुरा हाल है। फिलहाल परिवार और स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़ें: भाई की मौत की खबर सुन मायके जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, परिवार में पसरा मातम