गंदरबल सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस पलटी, 39 श्रद्धालु घायल; SKIMS में इलाज जारी
गांदरबल (जम्मू-कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर के गंदरबल जिले के हरिगानीवान इलाके में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फिसल गई, जिसमें कुल 39 अमरनाथ यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों और स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस और सुरक्षाबलों की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव अभियान चलाया और सभी घायलों को शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया घायलों का जायजा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने गंदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली। एलजी सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सहायता मुहैया कराई जाए।
उन्होंने कहा, "गंदरबल के हरिगानीवान में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल हुए श्री अमरनाथजी यात्रा के श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में गंदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की। बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे 39 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनका वर्तमान में SKIMS में इलाज चल रहा है। मैंने स्वास्थ्य अधिकारियों को सभी आवश्यक सहायता और सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मैं घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की भगवान शिव से प्रार्थना करता हूं।" (भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: राजौरी में मूसलाधार बारिश का कहर, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट